संयारा स्थित मां शीतला गेस्ट हाउस में जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते डिप्टी सीएम केशव प्रसा
सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को कौशाम्बी में कहा कि प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ में कौशाम्बी की अहम भूमिका है। इधर से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सयांरा स्थित मां शीतला देवी अतिथि गृह में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने ये बातें कहीं। डिप्टी सीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा के साथ महाकुंभ की तैयारियों पर भी चर्चा की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि लोगों की छोटी-छोटी शिकायतों का ब्लॉक, थाना और तहसील स्तर पर ही निस्तारण कराया जाए। ताकि, फरियादियों को जिले के चक्कर नहीं लगाने पड़े। निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं के कार्यों में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं होना चाहिए। रामवन गमन मार्ग और प्रयागराज-कौशाम्बी फोरलेन हाईवे के काम में तेजी लाई जाए। महाकुंभ के दौरान प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास की सीएचसी, पीएचसी और ट्रामा सेंटरों में सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं।
डिप्टी सीएम ने जिले में लाइफ सपोर्ट सिस्टम सहित अन्य सभी सुविधाओं वाले एक बड़े अस्पताल का प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बिजली विभाग के अधिकारियों से ओवर बिलिंग व गलत बिल बनाने वाले कर्मचारियों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही फाॅल्ट आने पर तत्काल उसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने प्रभागीय वनाधिकारी से कहा कि सयांरा गेस्ट हाउस, पुलिस लाइन, स्टेडियम और कलक्ट्रेट समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर छायादार पौधे लगवाए जाएं। जिलाधिकारी को कार्ययोजना बनाकर शीतला देवी मंदिर कड़ाधाम में अधिक से अधिक विकास कार्य कराने के लिए कहा। कोर्रों में निर्माणाधीन विश्वस्तरीय लाइब्रेरी के कार्य की प्रगति पर भी चर्चा की। जल्द से जल्द इसका कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम केशव ने कहा कि ससुर खदेरी नदी के पुनरोद्धार में तेजी लाई जाए। नदी पर हुए अवैध कब्जों को चिह्नित कर उन्हें हटवाया जाए। अफसरों से कहा कि जनपद किसी भी स्तर पर पिछड़ना नहीं चाहिए। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अजीत कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य भी मौजूद रहे।