सैयद सरावां गांव में आरा मशीन ध्वस्त करती जेसीबी। स्रोत: स्वयं
तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चार आरा मशीनें बृहस्पतिवार को बुलडोजर लगाकर ध्वस्त कर दी गईं। वन विभाग की टीम देख आरा मशीन संचालक मौके से भाग निकले। इस कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली रही।
उपप्रभागीय वनाधिकारी गोविंद प्रसाद उत्तम की अगुवाई में क्षेत्रीय वनाधिकारी चायल रमेश सिंह यादव, वन दरोगा भरतलाल पांडेय व ठाकुरदीन टीम के साथ चायल क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस बीच महगांव, मूरतगंज, कसिया एवं सैयद सरावां में अवैध रूप से संचालित चार आरा मशीन पाई गईं। टीम आने की भनक पर आरा मशीन संचालक मौके से भाग निकले।
टीम ने बुलडोजर से अवैध आरा मशीनें ध्वस्त कराते हुए संबंधित स्टाफ को निर्देश दिया कि इलाके में लगातार भ्रमण कर कार्रवाई करें। कहीं भी अवैध आरा मशीन का संचालन, पेड़ों का कटान एवं भंडारण मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। चायल रेंजर रमेश यादव ने बताया कि आरा मशीन संचालक मौके पर नहीं मिले। पता लगा कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।