Illegal mining of sand was happening from watermill in Rasulpur Bure, case registered
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। चायल क्षेत्र के रसूलपुर ब्यूर में पनचक्की लगाकर रात में अवैध बालू खनन किया जा रहा था। शनिवार की रात खान अधिकारी ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारकर अवैध खनन करने वालों को रंगे हाथ पकड़ा। मौके से दो पनचक्की, बोट व तीन ट्रैक्टर भी बरामद हुआ है। मामले में पिपरी पुलिस ने खान अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है । प्रशासनिक कार्रवाई से जिले के अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
रसूलपुर ब्यूर घाट के खंड संख्या 7/17 से बालू खनन के लिए प्रशासन ने पांच साल के लिए पट्टा आवंटित कर रखा है। लखनऊ के गाजीपुर थानांतर्गत मुलायमनगर इस्माइलगंज निवासी इंद्रासन मौर्या के नाम से आवंटित खंड में कई दिनों से एनजीटी के नियमों को दरकिनार कर अवैध बालू खनन किया जा रहा था। कारोबारी नदी की धारा में पनचक्की लगाकर रात को अवैध बालू निकलवा रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम अमित कुमार सिंह ने शनिवार रात खान अधिकारी आरपी सिंह को छापा मारने का निर्देश दिया। आधी रात को पिपरी कोतवाली के लोधौर चौकी पुलिस के साथ पहुंचे खान अधिकारी को देख मौके पर अफरातफरी मच गईा। सभी इधर-उधर भागने लगे। खान अधिकारी ने बताया कि दो पनचक्की के जरिए अवैध बालू खनन किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों पनचक्कियों के साथ ही नाव और तीन ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया। वहीं, रविवार को खान अधिकारी ने पिपरी कोतवाली में पट्टाधारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।