बालू के अवैध भंडारण पर लाइसेंसी को नोटिस, बिक्री पर रोक
-प्रशासन की संयुक्त टीम ने बिरौंचा में पकड़ा बालू का अवैध भंडारण
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सदर तहसील के बिरौंचा में बालू का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। क्षमता से अधिक बालू डंप करने पर डीएम ने लाइसेंसी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब-तलब किया है। साथ ही तब तक के लिए बिक्री पर भी रोक लगा दिया है। प्रशासन के रुख से अवैध भंडारकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
डीएम के निर्देश पर बुधवार को एडीएम मनोज कुमार, एएसपी अशोक कुमार की संयुक्त टीम ने एसडीएम सदर सतीश चंद्र के साथ फोर्स लेकर सदर तहसील के बिरौंचा गांव स्थित आराजी संख्या 1362 रकबा 2.215 हेक्टेयर पर डंप बालू का निरीक्षण किया था। यहां पर अश्वनी कुमार द्विवेदी के नाम 14 जून 2020 तक के लिए 15 हजार घन मीटर बालू डंप करने का लाइसेंस है। जांच के दौरान 693 घन मीटर अतिरिक्त बालू डंप मिली। साथ ही भंडारित बालू से निकासी भी पाई गई। मौके पर न तो लाइसेंसी मिला और न ही उसका कोई कर्मचारी मिला। इसके चलते कोई प्रपत्र नहीं देखा जा सका। वापस लौटकर टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी। इसके बाद गुरुवार को डीएम ने बालू के अवैध भंडारण पर लाइसेंस धारक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब-तलब किया है। इस दौरान बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। अभिलेखीय साक्ष्य नहीं प्रस्तुत करने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है।