पश्चिम शरीरा। सदर विधान सभा के अमीना गांव के लोगों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया है। ग्रामीणों ने गांव के बाहर बैनर लगा रखा है कि, विकास नहीं तो वोट नहीं। ग्रामीणों की हठयोग की वजह से कोई भी प्रत्याशी गांव में वोट मांगने जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
अमीना गांव के सार्वजनिक तलाब में कुछ लोगों ने कब्जा करके घर बना लिया है। इसकी वजह से लोगों के घरों का पानी तलाब में न जाकर आम रास्ते में भर रहा है। तलाब की बात तो दूर गांव का सार्वजनिक रास्ता भी तलाब बना हुआ है। इसी रास्ते से गांव के बच्चे स्कूल जाते हैं। गंदे पानी से होकर गुजरने से बच्चों का यूनिफार्म खराब हो जाता है। इसके अलावा संक्रामक बीमारियों के फैलने की भी आशंका रहती है। गांव के चंद्रशेखर सिंह, इंद्रभान सिंह, महेंद्र सिंह, अजय, राम गोपाल आदि का कहना है कि तलाब पर हुए कब्जे की शिकायत वह लोग कई बार अफसरों व जन प्रतिनिधियों से कर चुके हैं। इसके बाद किसी ने समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया। अब गांव के लोगों ने लोकसभा के चुनाव के बहिष्कार करने का फैसला कर लिया है। गांव के बाहर एक बैनर लगाया गया है, जिस पर लिखा गया है कि विकास नहीं तो वोट नहीं। इसे लेकर जनप्रतिनिधियों की भी नींद उड़ गई है। मतदान बहिष्कार के बाबत एसडीएम सदर सतीश चंद्र का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं है। अगर गांव में किसी तरह की समस्या है तो वह राजस्व कर्मी भेज कर समस्या का हल कराएंगे।