पिपरी कोतवाली के नसीरपुर गांव के एक युवक ने लूट की फर्जी घटना को लेकर पुलिस को गुमराह किया। युवक ने जुए में पैसा हारने के बाद लूट की कहानी रची थी। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस अब लूट की कहानी गढ़ने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
नसीरपुर निवासी मनोज कुमार मिश्रा बेरोजगार है। पुलिस की मानें तो मनोज जुआरी है और वह जुआ में बड़ी रकम हार गया है। बुधवार की सुबह वह घर से 30 हजार रुपये लेकर स्कूटी से प्रयागराज में रहने वाले बहनोई के घर के लिए निकला था।
सुबह करीब दस बजे वह गांजा और कटहुला गांव के रास्ते से प्रयागराज जा रहा था। पुलिस ने बताया कि गांजा गांव पहुंचने पर मनोज ने अपने साथ लूट होने की घटना फोन से पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसआई धीरेंद्र सिंह ने घटना की जांच की तो पूरा मामला संदिग्ध निकला। पीड़ित के भाई अनुज कुमार से पूछताछ की तो पता चला कि वह घर से 30 हजार रुपये लेकर निकला था।
जबकि, उसने लूट के दौरान 50 हजार रुपये और मारपीट के साथ फायरिंग होने की सूचना दी है। कड़ाई से पूछताछ करने पर मनोज टूट गया और लूट की फर्जी घटना कुबूल करते हुए बताया कि जुए में पैसा हार जाने के कारण उसने कहानी गढ़ी।