परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि पति भोला निषाद और पत्नी माया देवी (45) के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। माया की बेटी पूजा ने सुबह मां को चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। बेटी ने बताया कि मां के गले में रुमाल बंधा था और मुंह और नाक से खून निकल रहा था। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे ग्राम प्रधान धर्मराज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का मानना है कि रात में विवाद के दौरान आरोपी पति ने रुमाल से गला कसकर पत्नी की हत्या कर दी और बाद में मौके से फरार हो गया। आरोपी के चचेरे भाई रामदयाल की तहरीर पर महेवाघाट पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सत्यनारायण, पुलिस अधीक्षक