ओपीडी में महिला मरीज के त्वचा संबंधी समस्या को देखते डॉ. एमसी पाल। स्रोत: डॉक्टर
तेज गर्मी और बढ़ी हुई उमस का असर अब लोगों की सेहत पर साफ तौर पर दिखने लगा है। मौसम के बदलते मिजाज के कारण त्वचा संबंधी बीमारियों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। घमौरियां, फंगल इंफेक्शन, खुजली और एलर्जी जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की संख्या ओपीडी में लगातार बढ़ रही है।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 106 मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंचे। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एमसी पाल ने सभी मरीजों का परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टरों के अनुसार, इस मौसम में पसीना अधिक आने और साफ-सफाई में कमी होने से त्वचा संक्रमण तेजी से फैलता है।
डॉ. एमसी पाल ने कहा कि लोग इस मौसम में ढीले और सूती कपड़े पहनें, शरीर को साफ और सूखा रखें, दिन में दो बार स्नान करें और ज्यादा पसीना आने पर तुरंत कपड़े बदलें। फंगल संक्रमण से बचने के लिए दूसरों के कपड़ों का उपयोग न करें और किसी भी समस्या होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।