इलाहाबाद/कौशांबी। आनंद विहार से इलाहाबाद आ रही हमसफर एक्सप्रेस के इंजन में बुधवार की सुबह एक सांड़ फंस गया, जिससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बच गई। इस दौरान ट्रेन के लोको पॉयलट द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए जाने से ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को झटका लगा। गहरी नींद में सो रहे कुछ यात्री बर्थ से गिर गए। इंजन में फंसे सांड़ के शव को निकाला गया। इसके बाद ही ट्रेन इलाहाबाद के लिए रवाना हो सकी।
बुधवार की सुबह भरवारी रेलवे स्टेशन के निकट एक सांड़ रेलवे ट्रैक को पार कर रहा था। इसी बीच इलाहाबाद आ रही हमसफर वहां से गुजरी। इसके इंजन की चपेट में सांड़ आ गया। तेज आवाज आई तो ड्राइवर में ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। अचानक ब्रेक लगने से तमाम यात्री भी जग गए। झटका लगने से कुछ यात्री अपनी बर्थ से नीचे भी गिर गए। कुछ यात्री नीचे उतरे तो मालूम चला कि इंजन में कुछ फंस गया है। घटना की जानकारी होने पर भरवारी रेलवे स्टेशन का स्टाफ पहुंचा।
स्टेशन मास्टर छोटेलाल ने बताया सांड़ का शव जाली के अंदर जाकर पहिए में फंस गया था। इस वजह से चालक को मजबूरी में इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। पहिया जाम होने से ट्रेन पलटने का भी खतरा रहता है। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोककर सही काम किया। एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने इसे सामान्य घटना बताई है। कहा कि इंजन में कोई गड़बड़ी नहीं आई। दस मिनट के बाद ट्रेन इलाहाबाद के लिए रवाना कर दी गई और वह समय से जंक्शन पहुंची थी।