कस्बे में रहने वाले भाजपा के पूर्व विधायक शीतला प्रसाद पटेल के बड़े भाई चंद्रिका प्रसाद पटेल के घर पर बृहस्पतिवार शाम अचानक तेज धमाके के बाद आग लग गई। धमाके से घर के सामने वाले कमरे की एक दीवार ढह गई।
धमाके के बाद वहां पड़ोसियों का जमावड़ा लग गया। गनीमत रही घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। परिजन शाॅर्ट-सर्किट अथवा एसी का कंडेंसर फटने से धमाके होने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
सिराथू से भाजपा के विधायक रहे शीतला प्रसाद पटेल के बड़े भाई चंद्रिका प्रसाद पटेल का घर कस्बे के वार्ड-11 कानूनगो का पुरवा में रहते हैं। सामने ही पूर्व विधायक का भी घर है। बृहस्पतिवार की शाम तकरीबन साढ़े 4 बजे चंद्रिका प्रसाद के घर में अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई।
धमाका सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। फौरन लोगों ने आग पर काबू करने का प्रयास किया और सफलता पाई। धमाके से घर के चैनल में लगे कमरे की एक दीवार ढह गई और सारा सामान बिखर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था।
सूचना मिलते ही सैनी कोतवाल जयचंद्र शर्मा दमकल गाड़ी के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
पूर्व विधायक शीतला प्रसाद ने बिजली के शाॅर्ट सर्किट अथवा एसी का कंडेंसर फटने से धमाका होने और आग लगने की आशंका जताई है। पुलिस व फॉरंसिक टीम घटना की छानबीन कर रही है।
इस बाबत सैनी कोतवाल जयचंद्र शर्मा का कहना है कि पूर्व विधायक के भाई के घर धमाके की जांच की जा रही है। फाॅरंसिक टीम नमूना एकत्र कर रही हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
पटाखा फटने की रही चर्चा
लोगों में चर्चा रही कि जिस घर में धमाका हुआ, वहां कुछ दिन बाद शादी है। हो सकता है कि शादी के लिए पटाखे लाकर रखे गए हों। लोगों ने कहा, पटाखा फटने से भी धमाका हो सकता है। हालांकि पुलिस इस बारे में कुछ बोलने को तैयार नहीं है। कोतवाल ने कहा, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अच्छी बात है कि इस घटना में जनहानि नहीं हुई।