रविवार और सोमवार को अवकाश के बाद मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही पर्चा काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं और ओपीडी से लेकर दवा वितरण केंद्र तक मरीजों की आवाजाही रही।
मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन के ओपीडी में 1703 मरीजों ने पर्चा कटवाया, जबकि एमसीएच विंग में 388 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। संख्या अधिक होने के कारण कई विभागों में मरीजों की लंबी कतार रही।
चेस्ट फिजिशियन, नाक-कान-गला, बालरोग, मनोरोग, दंतरोग समेत अन्य विभागों में मरीज अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, सीटी स्कैन, पैथोलॉजी और दवा वितरण केंद्र पर भी भारी भीड़ दिखी। मरीज प्रशांत द्विवेदी, सिद्धार्थ ने बताया कि लगातार दो दिन छुट्टी होने के कारण इलाज टल गया था, जिससे मंगलवार को अधिक संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे।