Homeguard beaten young boy not given bribe, filed case
- फोटो : Library
रिश्वत नहीं देने पर होमगार्ड ने युवक को पीटा, केस दर्ज
जेब से निकाले ढाई सौ रुपये, नगर कोतवाली इलाके के ओसा चौराहे पर हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के ओसा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान रिश्वत नहीं देने पर गुुरुवार सुबह एक होमगार्ड ने एक युवक की पिटाई कर दी। उसकी जेब से रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गार्ड के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोखराज गांव निवासी मंजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर वह टेवां जा रहा था। ओसा चौराहे पर वाहन चेकिंग हो रही थी। पुलिस कर्मचारियों ने हाथ देकर उसे भी रोक लिया। पीड़ित की मानें तो उसके पास गाड़ी के सभी पेपर थे। इन्हें दिखाने के बाद दरोगा ने तो जाने के लिए कह दिया, लेकिन होमगार्ड राकेश तिवारी रिश्वत की मांग करने लगा। नहीं देने पर गाली-गलौज करते हुए उसने पिटाई कर दी। इसके बाद जेब से करीब ढाई सौ रुपये निकाल लिए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। कप्तान प्रदीप गुप्ता ने आरोपों की जांच कराई। आरोप सही पाए जाने पर पीड़ित युवक की तहरीर लेकर मंझनपुर कोतवाली में केस दर्ज करा दिया। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट होमगार्ड कमांडेंट को भी भेज दी है। घटना के बाद एसपी ने जिले भर के मातहतों को लिखित निर्देश दिया है कि वाहन चेकिंग के दौरान किसी से भी अभद्रता नहीं की जाए। इस तरह की शिकायत मिलने पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।