थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के मजरा लोधन का पुरवा में बृहस्पतिवार सुबह पूर्व होमगार्ड का शव घर के आंगन में पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा होने से बेटी सहित अन्य परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल कर मौके की औपचारिकताएं पूरी कीं।
इब्राहिमपुर गांव निवासी मिश्री लाल (56) पहले होमगार्ड थे। करीब पांच वर्ष पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद गांव में रहकर खेती किसानी करने लगे थे। बेटी गीता देवी ने बताया कि मंगलवार को उनकी मां सुखदेइया इलाज कराने अपने मायके चली गई थीं। उस समय मिश्री लाल घर पर अकेले थे।
बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी किसी काम से उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर दरवाजे के छेद से अंदर झांका तो मिश्री लाल आंगन में पड़े दिखाई दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी बीच सूचना पाकर मृतक की पत्नी सुखदेइया भी मायके से पहुंच गईं और पति का शव देख बिलख पड़ीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
परिजनों के अनुसार मृतक के सिर और आंख पर चोट के निशान थे, जबकि आंख, कान और नाक से खून निकला हुआ था। मृतक की बेटी गीता देवी ने आरोप लगाया कि उसके पिता की हत्या की गई है और मुंह में कपड़ा ठूंसकर वारदात को अंजाम दिया गया है।
मृतक के परिवार में एक बेटा मथुरा प्रसाद और एक बेटी गीता देवी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना से गांव में भी सनसनी फैल गई।
सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक मिश्रीलाल की फाइल फोटो
मृतक मिश्रीलाल की फाइल फोटो