होली की छुट्टी होने से पहले बुधवार को स्कूलों में रंगोत्सव की धूम दिखी। हलधर एकेडमी, कौशाम्बी पब्लिक स्कूल कसिया, बीएस इंटर कालेज सयारा, डायट आदि में होली की मस्ती में डूबे छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे पर जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया। वहीं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को रंग डालने के नाम पर किसी को परेशान नहीं करने की सीख दी। वहीं त्यौहारों से मिलने वाले संदेशों की जानकारी दी।
रंगों का पर्व होली शुक्रवार को है। ऐसे में ज्यादातर स्कूलों में बुधवार को होली की छुट्टी कर दी गई है। छुट्टी से पहले स्कूलों में रंगपर्व की धूम देखने को मिली। हलधर एकेडमी अजुहा में होली पर्व मनाने को आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर उन्हें होली की बधाई दी। वहीं स्कूल के चेयरमैन अनुज सिंह ने सभी बच्चों को केमिकलयुक्त रंगों से होली नहीं खेलने की सीख दी। वहीं उन्होंने रंग डालने के नाम पर कीचड़-पानी फेंकने से भी बचने का आह्वान सभी बच्चों से किया। इस मौके पर संगीता सिंह, प्रमोद सिंह, धर्मपाल, महेंद्र, सुषमा सिंह, रीमा सिंह, गुंजा, विवेक पाठक, तिलकचंद्र आदि मौजूद रहे। इसीतरह से बीएस इंटर कालेज सयारा में भी होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जहां छात्र-छात्राओं ने होली गीतों का रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोगों का मन मोह लिया। वहीं एक दूसरे पर जमकर अबीर गुलाल भी उड़ाया।
इस मौके पर प्रबंधक अनूप सिंह, प्रधानाचार्य आलोक कुमार, मनोज कुमार सिंह, विजय बहादुर, दिलीप त्रिपाठी, विकास सिंह, शैलेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं कौशाम्बी पब्लिक स्कूल कसिया में भी बुधवार को रंगपर्व का आयोजन हुआ। इस दौरान नन्हें-मुन्नों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया। शिक्षक-शिक्षिकाओं को होली पर्व से मिलने वाले भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने की सीख दी। मौके पर प्रधानाचार्य संजय शर्मा, कमलेश मौर्य, सुप्रिया केसरवानी, अमित जायसवाल आदि मौजूद रहे। इसी तरह से डायट प्रशिक्षुओं ने भी एक दूसरे पर गुलाल उड़ाकर होली की मस्ती की। गले लगकर एक दूसरे को होली की बधाई दी।