अलग-अलग कोतवाली पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस के मुताबिक तीनों चोरी, लूट व नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने में अभ्यस्त हैं। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पइंसा कोतवाली के उदिहिन खुर्द निवासी रितिक सिंह के खिलाफ छह और पिपरी के फरीदपुर निवासी विक्रम सिंह व संदीपन घाट थाने के मितुआपुर निवासी अखिलेश उर्फ टुम्बा सरोज के खिलाफ 10-10 मामले जिले के अलावा दूसरे जनपदों में दर्ज हैं।
सभी मुकदमे लूट, चोरी व नकबजनी की घटनाओं से संबंधित हैं। तीनों आरोपी घूम-घूमकर अलग-अलग स्थानों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते रहते हैं। इन पर काफी दिनों से नजर रखी जा रही थी। आपराधिक इतिहास खंगालने के बाद हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की गई है। अब जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-
बाइक चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज
इलाके के टोनहा का पूरा मजरा पूरबशरीरा निवासी राजकुमार सिंह ने बताया कि 20 मार्च की रात उसने अपनी बाइक दरवाजे के सामने खड़ी की थी। सुबह बाइक नदारद देख आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पता चला कि भोर में तीन बजे के आसपास कोई बाइक चोरी कर ले गया है। आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। तहरीर के आधार पर रविवार को अज्ञात के खिलाफ बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।