भरवारी के रोही में किसान के घर लगी आग को बुझाते लोग।
चायल तहसील के रोही गांव में मंगलवार शाम को एक घर के छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से आग लग गई। घंटे भर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।
रोही गांव के भोंदू पाल व रोशन पाल के घर की छत से हाईटेंशन तार गुजर रही है। यह तार मंगलवार शाम अचानक टूटकर छत पर गिर गई।
सप्लाई चालू होने के कारण छत पर रखे लकड़ी के सामान एवं कचरे ने आग पकड़ ली। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने लकड़ी के सहारे किसी तरह तार को छत से दूर किया और आग बुझाई। ग्रामीणों ने बताया कि रोशन के साथ ही तार पड़ोसी के घर के ऊपर से गुजर रही है। इसे हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की जा चुकी है।
इसके बाद भी अफसर संजीदगी नहीं दिखा रहे हैं। गांव के परमेश्वर, अजय, राहुल ,पवन ,ब्रिजेश, आदि का कहना है कि यदि बिजली विभाग जल्द ही घरों के ऊपर से विद्युत तार नही हटवाई गई तो ग्रामीण चक्काजाम कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।