फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामगंगा नहर में कटान तेज, सयांरा ओवरब्रिज से भारी वाहनों का आवागमन बंद

विज्ञापन
Heavy rains in Ramganga Canal, heavy vehicular traffic stopped from Saynara Overbridge - फोटो : KAUSHAMBI
विज्ञापन
सयांरा गांव के पास रामगंगा नहर में कटान को देखते हुए डीएम अमित कुमार सिंह ने ओवरब्रिज से भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगा दी है। फिलहाल, भारी वाहन रोही ब्रिज से हाईवे की तरफ आवागमन करेंगे। मंगलवार को डीएम और एसपी ने संयारा ओवरब्रिज का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

इधर, सोमवार रात भर चले बचाव कार्य के बाद मंगलवार की कटान रोकने के लिए सुरक्षा कार्य किए गए। इसके बाद मंगलवार की सुबह पानी का बहाव रुका।
सिराथू क्षेत्र के सयांरा गांव के पास सोमवार की भोर रामगंगा नहर में कटान होने से समीपवर्ती खेतों में पानी भर गया था। इसके बाद पानी का रूख सयांरा ओवरब्रिज के पिलर संख्या नौ की ओर मुड़ गया। पिलर की फुटिंग के पास मिट्टी का कटान शुरू होने से पुल की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। इसके बाद सेतु निगम के अफसरों ने डीएम को रात में मामले की जानकारी दी।
नहर के कटान से ओवरब्रिज की सुरक्षा खतरे में पड़ने की जानकारी मिलते ही डीएम अमित कुमार सिंह, एसपी अभिनंदन प्रशासनिक अमले के साथ रात नौ बजे सयांरा गांव पहुंच गए। उन्होंने निरीक्षण करने के बाद राहत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराने का निर्देश दिया। रात में ही मदद के लिए एनएएचआई की निर्माण एजेंसी पीएनसी से कई दर्जन श्रमिक बुलाए गए।
विज्ञापन

बोरियों में मोरम भरकर कटान रोकने का काम शुरू हुआ। इस दौरान मौके पर सेतु निगम के जीएम आरके सिंहा, पीडी अनिरुद्ध कुमार, अवर अभियंता एके कुशवाहा, एसडीएम सिराथू राजेश कुमार श्रीवास्तव पूरी रात टीम के बचाव कार्य कराने में जुटे रहे।
एसडीएम ने बताया के मंगलवार की सुबह सात बजे कटान रोकने में सफलता मिल गई है। उधर, संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सयांरा ओवरब्रिज से भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगा दी है। मंगलवार को ओवरब्रिज से सिर्फ चारपहिया और दोपहिया वाहनों को ही आने-जाने दिया गया। बताया कि प्रतिबंध फिलहाल एक-दो दिन और रह सकता है। इस बीच भारी वाहन रोही ब्रिज होकर हाईवे की तरफ जाएंगे।
सेतु निगम ने कटान से बही मिट्टी को फिर से भरवाया
पीडी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि कटान बंद होने के बाद पुल के नीचे से पानी का बहाव भी रुक गया है। लेकिन,12 घंटे तक लगातार पानी का बहाव होने से फुटिंग के पास की काफी मिट्टी बह गई है। उस पर मंगलवार को फिर से मिट्टी डलवा दिया गया। एहतियातन एक सप्ताह तक सेतु निगम इस जगह पर निगाह रखेगा।
आधे घंटे के लिए रेलवे ने रोका ट्रेनों का संचालन
सोमवार की रात नहर में तेज बहाव से हालात बेकाबू होने लगे थे। मौके पर पहुंचे डीएम ने देखा कि रेलवे लाइन के किनारे भी भारी मात्रा में पानी एकत्र हो गया है। फौरन डीएम ने इसकी सूचना रेलवे के अफसरों को दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात 9.45 से 10.12 बजे तक दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर यातायत रोक दिया गया। रेलवे प्रशासन ने मौके पर अपनी टीम भेजी। इसके बाद रात में कासन लगाकर धीमी गति से ट्रेनों को गुजरने की अनुमति प्रदान की गई। वरिष्ठ खंड अभियंता विकास यादव ने बताया कि पूरा रात सिराथू से ब्लाक हट केके तक पेट्रोलिंग कराई गई।
सयांरा ओवरब्रिज के नीचे बनेगी सर्विस रोड
सयांरा ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा। सेतु निगम ने मंगलवार से इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। ओवरब्रिज पर नीचे से ऊपर आने-जाने के लिए फुटब्रिज का भी निर्माण होगा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने स्थानीय ग्रामीणों की मांग पर सयांरा ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड का निर्माण कराए जाने के लिए हरी झंडी दे दी है। मंगलवार से सेतु निगम ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। सेतु निगम के अवर अभियंता एके कुशवाहा ने बताया कि ओवरब्रिज के नीचे दोनों ओर निगम सर्विस रोड का निर्माण कराएगा। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज पर नीचे से ऊपर आने-जाने के लिए फुटब्रिज का भी निर्माण होगा। शासन ने इसके लिए बजट उपलब्ध करा दिया है।

Heavy rains in Ramganga Canal, heavy vehicular traffic stopped from Saynara Overbridge- फोटो : KAUSHAMBI

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें