सिराथू/कड़ा (कौशाम्बी)। । वारंटी की गिरफ्तारी को बुधवार रात दौलतपुर कसार गांव गई अलीपुरजीता जीता पुलिस से गांववाले भिड़ गए। हाथापाई पर उतारू ग्रामीणों और महिलाओं का तेवर देख चौकी प्रभारी और सिपाहियों को वहां से भागना पड़ा। इस मामले में चौकी प्रभारी ने पांच नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी तरफ गांववालों की मानें तो खुद पुलिसवालों ने दबिश के नाम पर दुर्व्यवहार किया है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र की अलीपुरजीता चौकी प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि दौलतपुर गांव की ओर बुधवार की रात वे गश्त पर थे। तभी पता चला कि पुलिस को चमका दे फरार चल रहा वारंटी पापा कुरैशी अपने घर पर ही कुछ अन्य लोगों के साथ मौजूद है। वारंटी के घर में मौजूद होने की खबर पर सिपाहियों के साथ चौकी प्रभारी ने उसके घर में दबिश की कोशिश की। बताया जाता है कि पुलिस को देखते ही वारंटी युवक के परिवार के सदस्य और महिलाएं पुलिस से भिड़ गईं। इन लोगों की पुलिस से तीखी नोक-झोंक भी हुई।
आरोप है कि इस दौरान महिलाएं तो हाथापाई पर उतर आई थीं। इन लोगों ने चौकी प्रभारी और सिपाहियों के साथ धक्कामुक्की भी की। महिलाओं का तेवर देख चौकी प्रभारी और सिपाहियों ने गांव से निकल भागने में ही भलाई समझी। गांव से बाहर आकर चौकी प्रभारी ने एसओ, सीओ को घटना की जानकारी दी। देर रात सैनी कोतवाली पहुंचे चौकी प्रभारी ने तहरीर देकर वारंटी पापा कुरैशी, मोहम्मद बख्श, मोहम्मद रईस, जुबैर शाहिल और फुलिया को नामजद और करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार, सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एसओ सैनी श्रीप्रकाश ने बताया कि गांववालों ने दबिश को गई पुलिस के साथ अभद्रता की है। रिपोर्ट लिखकर आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों की मानें तो दबिश के नाम पर पुलिस ने गांव आकर तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ अभद्रता की है।