हवाला कांड: मध्य प्रदेश से बदमाशों को पूछताछ के लिए कौशाम्बी लाएगी पुलिस
मंझनपुर (कौशाम्बी) । वाराणसी के सराफा कारोबारी के कर्मचारियों के साथ चार करोड़ की लूट में शामिल बदमाशों को अब जिले की पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। कारोबारी के चालक हरिनाथ की गिरफ्तारी व उसके मध्य प्रदेश में पकड़े गए साथियों को यहां लाकर पूछताछ की जाएगी। कारोबारी के चालक व मध्य प्रदेश में पकड़े गए चालक के भाई हरिओम ने लूटा गया पैसा हवाला का होने की बात कहकर सनसनी फैला दी थी। इसे लेकर कोखराज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने मध्य प्रदेश में पकड़े गए बदमाशों को रिमांड पर लेने के लिए शनिवार को सीजेएम कोर्ट में अपील की है। माना जा रहा है कि कोर्ट से बी वारंट जारी होने के बाद जिले की पुलिस मध्य प्रदेश में पकड़े गए बदमाशों को लाकर पूरे मामले का खुलासा करेंगी।
वाराणसी के सराफा कारोबारी ज्वाला सेठ के कर्मचारी हरिनाथ यादव व विनोद रावत स्कार्पियो में करोड़ों रुपये लेकर दिल्ली के लिए निकले थे। प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां कोतवाली अंतर्र्गत जहानाबाद इलाके में बदमाश स्कार्पियो में रखा कैश व गाड़ी लूट ले गए थे। घटना की जानकारी होने पर कोखराज पुलिस ने 31 जनवरी की भोर लूटी गई स्कार्पियो को बरामद कर लिया। स्कार्पियो में 20 लाख कैश भी बरामद हुआ। सराफा कारोबारी के चालक विनोद को गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन दूसरे चालक हरिनाथ को तनिक भी खरोंच नहीं थी। इस पर पुलिस ने हरिनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने लूट कराने की बात कुबूल कर ली। बताया कि उसका भाई हरिओम मुंबई में रहता है। कारोबार में 25 लाख का घाटा होने के बाद उसने लूट की साजिश रची। हरिनाथ ने बताया कि साजिश के तहत उसका भाई मुंबई से अपने दो साथियों के साथ इनोवा से आया और पैसा लूटकर मुंबई के लिए भाग निकला। पैसा इनोवा के बोनट में छिपाकर रखा गया था। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में इंजन गर्म होने से आग लग गई और उसका भाई एक करोड़ 74 लाख नकद व लाखों रुपयों के जले हुए नोट के साथ पकड़ा गया। हरिनाथ ने बताया कि पैसा हवाला का था। उसे मालूम था कि कारोबारी लूट की रिपोर्ट नहीं दर्ज कराएगा। हरिनाथ के खुलासे के बाद जिले की पुलिस मध्य प्रदेश पहुंची, लेकिन वहां की पुलिस ने बदमाशों को सौंपने से इनकार कर दिया। मजबूरन शुक्रवार को हरिनाथ को 20 लाख की नकदी बरामद दिखाकर जेल भेजा गया। अब कोखराज पुलिस पूरे मामले का पर्दाफाश करने के लिए जुट गई है। एएसपी समर बहादुर ने बताया कि कोखराज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने सीजेएम कौशाम्बी के यहां मध्य प्रदेश में पकड़े गए घटना में शामिल बदमाशों को लाने के लिए अपील की है। कोर्ट से बी वारंट मिलने के बाद बदमाशों को यहां लाकर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद साफ होगा कि पैसा किसका था और वह कहां किस मकसद से भेजा जा रहा था।