नगर पंचायत सराय अकिल में शुक्रवार की रात हुई झमाझम बारिश से जगह-जगह जल जमाव हो गया। पटी नालियों की गंदगी सड़कों पर फैल गई। इसके चलते शनिवार की सुबह कस्बाइयों का राह चलना मुश्किल हो रहा था। झमाझम बारिश के चलते नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। सड़क पर पसरी गंदगी को लेकर कस्बाइयों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
शुक्रवार की शाम जिले भर में रिमझिम बारिश हुई लेकिन सराय अकिल कस्बे में बादल कुछ ज्यादा मेहरबान दिखे। झमाझम बारिश के चलते कस्बे के लोगों ने उमस और गर्मी से राहत की सांस ली। इसी के साथ कस्बे में दूसरी बड़ी समस्या खड़ी हो गई। नालियों के चोक होने की वजह से लोगों के घरों का पानी सड़कों पर फैल गया। इससे शनिवार की सुबह तक नगर पंचायत की सड़कें तालाब की शक्ल में तब्दील रहीं। सबसे बुरा हाल तो सब्जी मंडी का रहा।
बारिश के बाद थाना परिसर और सब्जी मंडी तालाब के रूप में बदल गई। यही हाल बुद्धपुरी, चावल मंडी और कंधुआपर मोहल्लों का रहा। पानी निकासी न होने की वजह से जगह-जगह जल जमाव की स्थिति रही। पानी से लबालब भरी सड़कों पर नालों की गंदगी फैल जाने से लोगों का चलना मुश्किल हो रहा था। शनिवार की सुबह जब कस्बे के लोग घरों से बाहर निकले तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मोहल्लों में जल जमाव को लेकर स्थानीय लोगों ने अधिशासी अधिकारी से शिकायत की पर समस्या का समाधान नहीं हो सका। सड़कों पर फैली गंदगी साफ न होने से लोगों को इसी के बीच से होकर आना-जाना पड़ रहा था।
अतिक्रमण की शिकार हैं नालियां
नगर पंचायत में जल जमाव के जिम्मेदार स्थानीय लोग ही हैं। कस्बे में जल निकासी के लिए बने नालों और नालियों में स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। कुछ लोगों ने नाले के ऊपर चबूतरे का निर्माण कर लिया है। इसके चलते नगर पंचायत के कर्मचारियों को सफाई में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि ठीक से सफाई न हो पाने के चलते बारिश के दिनों में लोगों को जल जमाव के संकट से गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का विरोध न हो इसे देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष भी अतिक्रमण को लेकर चुप्पी साधे रहते हैं।
जगह-जगह ध्वस्त है नाला
नगर पंचायत सराय अकिल में जल निकासी के लिए पिछले साल लाखों की लागत से नाले का निर्माण कराया गया था। फकीराबाद मोहल्ले से पावर हाउस चौराहे तक बनवाया गया नाला मनमानी की भेंट चढ़ गया है। मानक के अनुरूप निर्माण न होने से साल भर के भीतर ही नाला जगह-जगह ध्वस्त हो गया है। स्थानीय लोगों की माने तो ढक्कन न होने की वजह से नाला गंदगी से पट चुका है। ऐसे में बारिश के दौरान जलनिकासी न हो पाने के कारण कस्बाइयों को जल जमाव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।