तहसील क्षेत्र के रामनाथ सिंह पीजी महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय कौशाम्बी कबड्डी लीग (सीजन-2) का रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में हरिओम भोजनालय प्रयागराज की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए सेवन स्टार को 29-25 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
जिला कबड्डी एसोसिएशन और वीकेडी स्पोर्ट्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस लीग में प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की आठ टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और अंक बराबरी के आसपास बने रहे। निर्णायक समय में हरिओम भोजनालय प्रयागराज के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया और 29-25 से जीत दर्ज की।
इससे पहले सेमीफाइनल में हरिओम भोजनालय ने हिल एंड हाई प्रयागराज को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि सेवन स्टार ने रमेश सिंह एंड कंपनी को पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। लीग में रमेश सिंह एंड कंपनी, सेवन स्टार, साथी मिशन, हरिओम भोजनालय प्रयागराज, हिल एंड हाई प्रयागराज, सरदार सेना, एके स्पोर्ट्स अकादमी और समृद्धि वेल्थ वेंचर्स जैसी टीमें शामिल रहीं।
समापन समारोह में विजेता टीम को महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. श्रीकृष्ण पटेल, सुमन सिंह, डॉ. इकरार अहमद और नरेंद्र सिंह ने ट्रॉफी, मेडल और 13 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उपविजेता सेवन स्टार को ट्रॉफी, मेडल और 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।
इस दौरान शनि प्रताप सिंह, संदीप कुमार प्रजापति, विकास कुमार साहू, अनूप कुमार पटेल, चंद्रभान सिंह पटेल, अरविंद कुमार मौर्य आदि रहे।