मंझनपुर। नगर पालिका परिषद मंझनपुर के भक्तन का पूरा और नया पुरवा में पाइप लाइन से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है। हैंडपंप जो लगे हैं भी तो उनमें ज्यादातर दम तोड़ चुके हैं। लोगों को एक-एक बाल्टी पानी के लिए 150 से 200 मीटर तक जाना पड़ रहा है।
भक्तन का पूरा में पांच हैंडपंप हैं, जिनमें से एक खराब पड़ा है। 100 घरों में रहने वाली करीब 800 लोगों की आबादी चार हैंडपंपों के सहारे प्यास बुझा रही है। वहीं, नया पुरवा में कहने के लिए तो पांच हैंडपंप हैं, लेकिन इनमें से चलता सिर्फ एक है। भू-गर्भ जलस्तर गिरने के कारण चार हैंडपंप दम तोड़ चुके हैं। 70 घराें में से करीब 10 में ही सबमर्सिबल पंप की निजी बोरिंग है। शेष घरों में लगने वाले लोगों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। हालांकि, नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की है। लेकिन, कई बार कर्मचारी टैंकर पहुंचाने में हीलाहवाली करते हैं। ऐसे मोहल्लेवासियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
बस्ती में हैंडपंप तो लगे हैं, वह पर्याप्त नहीं है। पानी लेने के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है। पाइप लाइन से पानी आपूर्ति के लिए बोरिंग कराई गई थी, लेकिन काम अधूरा पड़ा है। गर्मी में पानी की समस्या बढ़ गई है।
जगपाल, भक्तन का पूरा
-
चार इंडिया मार्का महीनों से खराब हैं। इन्हें रिबोर होना है, जो अब तक हुए नहीं। नया लगा हैंडपंप ही चलता है। अधिकारियों ने टैंकर से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन कर्मचारी समय टैंकर लाते नहीं। इससे दिक्कत हो रही है।
रामनरेश, नया पुरवा
-
वर्जन
नया पुरवा में टैंकरों से नियमित पानी पहुंचाया जा रहा है। अगर, कर्मचारी टैंकर पहुंचाने में लापरवाही बरत रहे हैं तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के बाद भक्तन का पूरा में पांच एचपी के सबमर्सिबल पंप की बोरिंग होगी। अगर, जरूरत होगी तो वहां भी टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा।
ओंकार पटेल, जेई, नगर पालिका परिषद
पंप हाउस की मोटर बिगड़ी, कड़ाधाम में गहराया पेयजल संकट
फोटो- 4
कड़ा। नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम के वार्ड नंबर 10 स्थित जल निगम के नलकूप की मोटर चार दिन पहले खराब हो गई थी, जिसे अब तक बदलवाया नहीं गया। एक दिन निगम के कर्मचारियों ने मोटर की मरम्मत कराई थी, लेकिन वह ज्यादा देर चल नहीं सकी। इसकी वजह से नगर के मां शीतला धाम, मसवानी मोहल्ला, मलूकदास स्थल, कड़ा बाजार, कजियाना, मुराइन टोला, ब्राह्मण टोला समेत करीब 15 मोहल्लों में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। सभासद राहुल कुशवाहा ने बताया कि इस पंप हाउस से पूरे नगर क्षेत्र के करीब दो हजार घरों में पेयजल की आपूर्ति होती है। चार दिन से इन घरों में रहने वाले लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। नहाने व अन्य कार्यों के लिए तो दूर पीने तक के पानी के लिए लोग भटक रहे हैं। अरविंद कुमार ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से मोहल्लों में पानी के टैंकर भिजवाएं जा रहे हैं, लेकिन इससे काम नहीं चल पा रहा है। जल निगम के अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
-
कड़ाधाम स्थित पेयजल परियोजना अभी नगर पंचायत को हैंडओवर नहीं हुई है। इसकी देखरेख जल निगम ही कर रहा है। निगम के अवर अभियंता से बातचीत हुई है। जल्द ही नई मोटर लग जाएगी। तब तक नगर में टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है।
वैभव चौधरी, ईओ, नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम
भक्तन का पूरा में खराब इंडिया मार्का। संवाद
भक्तन का पूरा में खराब इंडिया मार्का। संवाद
भक्तन का पूरा में खराब इंडिया मार्का। संवाद