मंझनपुर। राजकीय इंटर कॉलेजों में बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा देने के लिए लैब तो तैयार हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं हैं। जबकि नया शैक्षिक सत्र अप्रैल से ही शुरू हो चुका है।
जिले में 25 राजकीय स्कूल संचालित हैं। इनमें छह इंटर स्तर तक और 19 हाईस्कूल स्तर तक के विद्यालय हैं। इंटर कॉलेजों में पांच और हाईस्कूल स्तर के स्कूलों में कंप्यूटर की बेसिक जानकारी के लिए लैब बनी है। अभी तक यहां कौशल विकास मिशन की ओर से बच्चों को कंप्यूटर ज्ञान दिया जाता था। इस बार व्यवस्था में परिवर्तन हुआ है। कंप्यूटर से जुड़े दो- दो शिक्षकों की तैनाती इंटर कॉलेज और एक शिक्षक की तैनाती हाईस्कूल स्तर के स्कूलों में होनी है। अप्रैल से सत्र शुरू हो गया है, लेकिन अब तक शिक्षकों की तैनाती नहीं हो सकी है। जबकि विद्यालय में 2123 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं और सभी को कंप्यूटर की बेसिक जानकारी देना अनिवार्य है।
सभी स्कूलों में कंप्यूटर लैब हैं। इस सत्र से अलग से कंप्यूटर शिक्षक तैनात होंगे। इसकी प्रक्रिया चुनाव के कारण पूरी नहीं हो सकी है। जुलाई तक शिक्षकों की तैनाती हो जाएगी। - डॉ. एसएन यादव, डीआईओएस