मंझनपुर। कलक्ट्रेट में शनिवार को जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें कृषि प्रदर्शनी और किसान मेले का आयोजन हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और सांसद विनोद सोनकर ने इसका उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में कृषि और पशुपालन समेत कई विभागों ने शिविर लगाए, जिसमें किसानों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
सांसद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रत्येक गांव में कृषि विज्ञान केंद्र का मिनी रूप प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र खोला जा रहा है। जिले में 121 केंद्र खोले जा चुके हैं। यहां पर किसानों को तमाम सुविधाएं और जानकारी मिलेंगी। प्रत्येक गांव में सहकारिता का गठन करके गांव के समृद्धि का काम किया जाएगा।
किसानों को देश के किसी भी कोने या विदेश से उन्नत बीज उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों से जैविक खाद खरीदकर देश व दुनिया में बेचने का काम होगा। कौशाम्बी में पैदा होने वाले अमरूद एवं केला के किसानाें को सहकारिता के माध्यम से बाजार उपलब्ध होगा। अटसराय में रैक प्वाइंट बनकर तैयार है, जो शीघ्र ही प्रारम्भ हो जाएगा। इससे किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद मिलेगी।
उप कृषि निदेशक सतेन्द्र तिवारी ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। सीवीओ डॉ. एके सागर ने पशुपालन विभाग की ओर से दी जा रहीं सुविधाओं और योजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार गौतम, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार, डॉ. मनोज कुमार सिंह, फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार शर्मा आदि भी मौजूद रहे।
किसानों में बांटे मोटे अनाज के बीज
मंझनपुर। सांसद ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने वाले लाभाथीZ शिव भारत सिंह, लालता प्रसाद, श्याम सुंदर धर्मेंद्र सिंह को चार-चार लाख रुपये के अनुदान का डमी चेक दिया। फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत पिपरकुंडी सहकारी समिति, कृषक उत्पादक संगठन, औद्यानिक विपणन सहकारी समिति लिमिटेड गिरधरपुरगढ़ी को ट्रैक्टर की चाभी प्रदान की। किसानों को मोटे अनाज के बीज की मिनी किट वितरित की।