रक्तदानियों को सम्मानित करती विधायक सिराथू डॉ. पल्लवी पटेल। संवाद
रक्तदान कर दूसरों की जिंदगी बचाने वाले महादानियों को शुक्रवार को सम्मानित करने के साथ ही लोगों से महादान का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। साथी मिशन परिवार के प्रयास से यह सम्मान रक्तदान कर्तव्य समारोह सरायअकिल के फकीराबाद स्थित बंधन पैलेस में आयोजित किया गया था।
सेवानिवृत जज लालबहादुर सिंह और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल की मौजूदगी में हुए इस समारोह में बड़ी संख्या में पटेल समाज के लोगों ने शिरकत की। जीवनदान के लिए 10 जून को साथी मिशन के स्थापना दिवस पर रक्तदान करने वाले 78 से अधिक रक्त महादानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बौद्धिक चिंतन में सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति स्थापना और ट्रस्ट बनाने पर चर्चा के साथ पाखंड के प्रति जागरूकता अभियान चालने के लिए भारतीय कुर्मी महासभा प्रदेश उपाध्यक्ष राम किशोर पटेल, प्रीतम पटेल, रमाकांत पटेल, नेपाल सिंह पटेल को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सपा के प्रदेश सचिव आनंद मोहन पटेल, पटेल चेतना मंच अध्यक्ष शैलेश पटेल, संतोष पटेल, चंद्रबली पटेल आदि मौजूद रहे। समारोह में चित्रकूट, बांदा, वाराणसी और रायबरेली समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। साथी मिशन के संस्थापक सुनील और विनय सिंह पटेल ने संस्था के सेवा कार्यों पर रोशनी डाली। उन्होंने बताया कि रक्तदान से सैकड़ों लोगों के प्राणों की रक्षा की कोशिश की जा रही है। इस मौके पर साथी मिशन के संस्थापक सुनील सिंह, विनय सिंह पटेल, कुलदीप पटेल और अवधेश सिंह का सराहनीय योगदान रहा।