सरायअकिल कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम 22 किलो गांजा के साथ कार सवार कोटिया ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, साथ रहा ग्राम प्रधान का बड़ा भाई हिस्ट्रीशीटर बदमाश व रिश्तेदार समेत दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी प्रधान के कब्जे से नगदी, मोबाइल,तमंचा व कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त उड़ीसा प्रदेश की नंबर लिखी इंडिगो कार भी बरामद करने का दावा किया है। लिखापढ़ी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम उन्हें मुखबिर द्वारा इलाके में गांजा तस्करों के बारे में सूचना मिली। इस पर रात आठ बजे के करीब उपनिरीक्षक दिलीप सिंह,लालसाहब सिंह, सुशील कुमार शुक्ल और पुलिस बल के साथ कोटिया पावर हाउस के समीप वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान उड़ीसा प्रांत की नंबर वाली एक इंडिगो कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही कार सवार गेट खोलकर भागने लगे।
पुलिस टीम ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया। जबकि,अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसके दो अन्य साथी भाग निकले। इंस्पेक्टर के मुताबिक पकड़ा गया युवक कोटिया गांव का ग्राम प्रधान राजेश कुमार पाल उर्फ सुग्गीलाल निकला। आरोपी का नाम पता जानने के बाद पुलिस ने इंडिगो कार की तलाशी ली तो डिग्गी में प्लास्टिक के थैलों में भरकर रखा हुआ 21 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी प्रधान के पास से 58,300 रुपया नकदी, दो एंड्रायड मोबाइल फोन, तमंचा व कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक अंधेरे में चकमा देकर भागने वाले दो आरोपियों में से एक पकड़े गए ग्राम प्रधान का बड़ा भाई व हिस्ट्रीशीटर बदमाश रामदास पाल और दूसरा चरवा इलाके के सैयदसरांवा का रिश्तेदार नन्हा पाल है। पुलिस उन दोनों की तलाश में भी जुटी हुई है। गांजा तस्करी में दबोचे गए प्रधान राजेश पाल उर्फ सुग्गीलाल के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।