मंझनपुर। आतंकवाद के खिलाफ शुक्रवार को मंझनपुर में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की गई। इसके बाद कलक्ट्रेट में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में हुई आतंकी घटना में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने व आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कौमी महिला-पुरुषों ने प्रदर्शन किया। ज्ञापन में मांग किया गया कि पुलवामा घटना को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के खिलाफ सरकार सख्ती से पेश आए। पुलवामा की घटना में स्थानीय गद्दार भी शामिल हैं। इन गद्दारों को सबक सिखाया जाय। जवानों को बुलेट प्रूफ वाहन व उच्च क्वालिटी के हथियार मुहैया कराए जाएं। जम्मू कश्मीर के लोग जो मुख्यधारा से जुड़े हैं उन्हें देश में कहीं भी सुरक्षा दी जाय और जो नहीं जुड़े उनके विरुद्ध कार्रवाई हो। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मांगों का ज्ञापन राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। जुलूस का नेतृत्व शिया धर्म गुरु मौलाना सैयद जमीर हैदर रिजवी, इमामे जुमा शिया जामा मस्जिद करारी व मौलाना सैयद कौसर अब्बास रिजवी इमामे जुमा शिया जामा मस्जिद मंझनपुर ने किया। प्रदर्शन में मंझनपुर, करारी, भरवारी, कड़ा, सिराथू समेत जिले भर से आए शिया समुदाय के महिला पुरुष शामिल रहे।