चायल (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में कमीशनखोरों की सरकार है। इस सरकार में जाति विशेष के अलावा किसी का भी भला होने वाला नहीं है। विकास के लिए फिर से बसपा को प्रदेश की बागडोर देनी होगी। यह बातें बसपा के सदर विधायक और पूर्व कबीना मंत्री इंद्रजीत सरोज ने शनिवार को चायल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं।
मिशन 2017 के तहत विधान सभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बसपा ने शनिवार को चायल में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। पूर्व कबीना मंत्री इन्द्रजीत सरोज ने कहा कि जिले के ही कुछ लोगों ने पिछले जिला पंचायत चुनाव में रुपये लेकर बसपा के प्रत्याशी को जिपं का अध्यक्ष बनाया था। इन लोगों का विकास से कोई वास्ता सरोकार नहीं है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में लूट मची है।
हर ओर गुंडों माफियाओं का एकछत्र राज कायम हो गया है। कहाकि प्रदेश में किसान जिस तरह से आत्महत्या कर रहे हैं और व्यापारियों का कत्ल किया जा रहा है।बउससे साफ है कि जनता खुद को कितनी सुरक्ष ित महसूस कर रही होगी। उन्होंने पंचायत चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियां बताने का भी आह्वान किया। चायल विधायक आसिफ जाफरी ने भी केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहाकि अच्छे दिन लाने का वादा कर देश की सत्ता हथियाने वाली भाजपा सरकार ने आम लोगों के साथ धोखा किया है। अच्छे दिन के बजाए यह सरकार भुखमरी और महंगाई लाई है। आगामी चुनाव में आम जनता इस वादाखिलाफी का हिसाब खुद ले लेगी।
विधायक ने कहाकि किसान, व्यापारी, छात्र, गरीब समेत समाज का समाज वर्ग प्रदेश सरकार के कुशासन से आजिज आ चुका है। सूबे की जनता को लाचार और परेशान करने का खामियाजा अखिलेश सरकार को आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरीलाल बौद्ध, काजी आमिर, सुमरा अहमद, तौहीफ चौधरी, पितई लाल, अनवार, अमरेन्द्र बहादुर, गिरीश पासी, आनंद मोहन पटेल, परवेज अख्तर अंसारी, विशेष गौतम, जीतलाल चौधरी, गया प्रसाद, मेराज अहमद, विजय प्रताप आदि मौजूद रहे।