सरकारी कार्यालयों में अब जनता दर्शन सुबह नौ बजे से शुरू होगा। शासन के निर्देश पर डीएम ने यह फरमान जारी कर दिया है। साथ ही अफसरों को चेताया है कि वह बुधवार से सुबह नौ बजे अपने दफ्तर पहुंच जाएंगे। 11 बजे तक वह जनता दर्शन करेंगे, इसके बाद वह अन्य विभागीय कार्य निपटाएंगे।
जिले के विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारी गैर जनपद में रात्रि निवास करते हैं। रास्ते में आने-जाने के दौरान जाम, रेलवे क्रासिंग बंद होने की वजह से वह समय से कार्यालय नहीं पहुंचते। शाम को उन्हें वापस लौटने की भी जल्दी रहती है। इसके चलते विभाग का काम सफर करता है। शासन ने अफसरों को मुख्यालय में रात्रि निवास का फरमान जारी किया पर कुछ खास असर नहीं पड़ा, लेकिन अब शासन ने नई तरकीब निकाल ली है। मुख्य सचिव राहुल भटनाकर द्वारा डीएम को भेजे गए पत्र पर जाएं तो आज से अफसरों को ठीक नौ बजे कार्यालय पहुंचना होगा।
कार्यालय पहुंचने के बाद उनके द्वारा आमजन की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई 11 बजे तक करनी होगी। इसके बाद समस्या का निस्तारण भी समय पर सुनिश्चित करना होगा। शासन का पत्र मिलने के बाद डीएम अखंड प्रताप सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को इसके लिए निर्देशित कर दिया है। कुछ भी हो विभागाध्यक्षों की उपस्थिति का समय बदल जाने से आमजन की समस्या तो दूर होगी ही अफसरों को मजबूरी में रात्रि निवास मुख्यालय में करना होगा।