जिलाधिकारी आवास के नजदीक एक बंद घर से शुक्रवार देर रात चोरों ने लाखों के माल पार कर दिया। वारदात का पता शनिवार सुबह तब चला जब घर के मालिक उमा दत्त द्विवेदी अपने गांव कटरी से लौटे। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
पश्चिम शरीरा कटरी गांव के रहने वाले उमा दत्त ने मंझनपुर के चेक नगर प्रथम में भी मकान बनवाया है। घर में शादी की तैयारियों को लेकर वे दो दिन पहले परिवार सहित गांव गए थे और मकान को बंद कर दिया था। शनिवार सुबह घर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सामान अस्त-व्यस्त थे। अलमारियां खुली हुई थीं।
पीड़ित के अनुसार चोर घर से एक लाख रुपये नकद, सोने के जेवर, करीब आधा किलो चांदी के गहने और शादी में इस्तेमाल होने वाला अन्य कीमती सामान उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों का सुराग मिल सकता है।