Girl student dies due to collision with dumper
सदर कोतवाली के समदा गांव के समीप मंगलवार की शाम डंपर की टक्कर लगने से इंटर की छात्रा ने दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में परिवार के लोग उसे इलाज के लिए प्रयागराज के अस्पताल ले जा रहे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली के खोजवापुर गांव निवासी दिनेश श्रीवास्तव की बेटी वत्सला (17) ने इसी साल हाईस्कूल पास किया था। वह दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा में 11वीं छात्रा थी।
वत्सला मंगलवार शाम सदर कोतवाली इलाके के ही समदा में कोचिंग करने गई थी। वापस लौटते समय तेज रफ्तार डंपर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वत्सला को गंभीर चोटें आईं थीं। पहले उसे इलाज के लिए स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी के बाद परिवार के लोग व रिश्तेदार भी जिला अस्पताल आ गए। यहां चिकित्सकों ने वत्सला की हालत नाजुक देख प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। घरवाले एंबुलेंस से वत्सला को लेकर प्रयागराज इलाज कराने जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। बुधवार सुबह पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।