खाना पकाते वक्त आग से झुलसी युवती, गई जान
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के निटोढ़ू का पुरवा गांव में मंगलवार सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बारा। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के निटोढ़ू का पुरवा गांव में मंगलवार सुबह खाना पकाते वक्त एक युवती आग से झुलस गई। प्रयागराज स्थित अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
निटोढ़ू का पुरवा निवासी कृपाशंकर किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। इन दिनों उसकी पत्नी पार्वती की तबीयत खराब चल रही है। इसलिए मंगलवार सुबह बेटी रिचा (19) चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। रिचा जब तक कुछ समझ पाती आग की लपटों ने उसे घेर लिया। चीखें सुन मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। फिर युवती को नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक इलाज कर हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां ले जाते वक्त रास्ते में युवती की सांसें थम गईं। हादसे से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। मामले में कौशाम्बी कोतवाल इंद्रदेव का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। कोई तहरीर देगा तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवारीजनों का कहना है कि हादसे में जान गई है। लिहाजा पुलिसिया कार्रवाई का कोई मतलब ही नहीं बनता है।