सैनी कोतवाली इलाके के एक गांव में सोमवार को पड़ोसी गांव के युवक ने युवती को अगवा कर लिया। युवती को तीन दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मनमानी के बाद आरोपी युवती को अपने चाचा की मदद से गांव के बाहर छोड़कर भाग निकला है। पुलिस ने आरोपी चाचा-भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।
क्षेत्र के एक गांव की युवती को पड़ोसी गांव में रहने वाले युवक ने प्रेमजाल में फंसा लिया। 19 जून की शाम आरोपी ने युवती को फोन करके मिलने के लिए बुलाया और अगवा कर ले गया। तीन दिन तक कमरे में बंद करके उसके साथ दुष्कर्म किया। इधर युवती के लापता होने के बाद परिवार के लोग उसकी रिश्तेदारियों में खोजबीन कर रहे थे। बुधवार शाम आरोपी अपने चाचा की मदद से युवती को गांव के बाहर छोड़कर भाग निकला।
युवती ने घर पहुंच कर आपबीती बताई तो परिवार के लोग सन्न रह गए। बृहस्पतिवार पिता के साथ कोतवाली पहुंची युवती ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी चाचा-भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सुभाष चौरसिया का कहना है युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पड़ोसी ने किशोरी से किया दुष्कर्म
संदीपनघाट कोतवाली इलाके की एक किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दरिंदगी की। किशोरी के मुताबिक बुधवार शाम वह खेत की ओर गई थी तभी घटना हुई। बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई तो वह सन्न रह गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।