अगवा कर युवती से किया दुष्कर्म, मुकदमा
सरायअकिल कोतवाली इलाके में चार दिन पहले हुई थी घटना
मंझनपुर। सरायअकिल कोतवाली की एक युवती को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर शनिवार को नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
कोतवाली इलाके के एक गांव की युवती मंगलवार की शाम खेत की ओर गई थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव का युवक उसे अगवा कर एक कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। बदहवास हालत में घर पहुंची युवती ने आपबीती परिजनों को बताई। दूसरे दिन पिता के साथ थाने पहुंच कर पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। जांच-पड़ताल कर चार दिन बाद शनिवार को पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी घर छोड़कर गायब है।