सैनी के मरदानपुर बरजी गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से मुस्कान की मौत पर रोते बिलखते परिजन। स
तेज रफ्तार ट्रैक्टर से कुचलकर बालिका की मौत
- सैनी कोतवाली के मर्दानपुर वर्जी गांव के समीप सोमवार को हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ा। सैनी कोतवाली के मर्दानपुर वर्जी गांव निवासी सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक बालिका की मौत हो गई थी। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है।
महोबा जिले का इमरान अपने परिवार के साथ मर्दानपुर वर्जी स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करता है। सोमवार दोपहर उसकी पत्नी सड़क के किनारे बकरी चराने गई थी। इस दौरान उसकी पांच वर्षीय बेटी मुस्कान खेलते-खेलते मां के पास पहुंचने के लिए दौड़ी। इसी बीच देवीगंज की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। घटना देख लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान ट्रैक्टर चालक गाडी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ओएफसी रेलमार्ग पर ट्रेन से कटकर युवक की मौत
भरवारी। कोखराज कोतवाली क्षेत्र में सिंघिया चौकी अंतर्गत ओएफसी रेलमार्ग (मालगाड़ी के लिए खींची गई लाइन) पर जील्लापर के समीप सोमवार दोपहर में लगभग तीन बजे एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसने काले रंग का लोअर व आसमानी रंग का शर्ट पहने था। युवक की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। इंस्पेक्टर इंद्रदेव का कहना है कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद