सड़क पार कर रही बालिका को डंपर ने कुचला, चक्काजाम
- महेवाघाट कोतवाली के बैरागीपुर गांव के समीप हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिमशरीरा। महेवाघाट कोतवाली के बैरागीपुर में शनिवार की सुबह सड़क पार कर रही बालिका को ओसा की तरफ से महेवाघाट की ओर जा रहे डंपर ने कुचल दिया। घटना में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने चित्रकूट- कौशाम्बी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले जाम के कारण राहगीर गर्मी में परेशान हो गए।
महेवाघाट कोतवाली के बैरागीपुर गांव निवासी मंगला प्रसाद निषाद की बेटी शिवांगी (10) शनिवार सुबह अपने घर के सामने दुकान में सामान लेने गई थी। वापस लौटने के दौरान सड़क पार करते समय उसे डंपर ने कुचल दिया। घटना में शिवांगी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजनों के साथ ग्रामीण सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। वह लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी पर महेवाघाट पुलिस की सूचना पर डंपर को चित्रकूट जिले के राजापुर कोतवाली इलाके से पकड़ लिया गया। थानाध्यक्ष चंद्रभूषण ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोरखपुर पुलिस ने चस्पा की कुर्की नोटिस
फोटो-13
सरायअकिल। स्थानीय कस्बे के बुद्धपुरी मोहल्ला में शनिवार दोपहर गोरखपुर पुलिस ने सरायअकिल पुलिस के सहयोग से मुकदमे में वांक्षित अभियुक्तों के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। इसके साथ ही मोहल्ले में मुनादी करवाकर लोगों को मामले की जानकारी दी। इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह ने बताया कि बुद्धपुरी मोहल्ले का सत्यम शुक्ला, सुरेशचंद्र उसकी पत्नी अर्चना के खिलाफ गोरखपुर के थाना रामगढ़ ताल में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। यह लोग पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करते थे। घटना के बाद से सभी फरार हैं। गोरखपुर पुलिस कोर्ट का नोटिस लेकर आई थी। संवाद
सड़क किनारे मृत मिले मवेशी, खाल निकालने में दो पकड़े गए
कड़ा। नगर पंचायत कड़ाधाम-दारानगर के देवीगंज को जाने वाली रोड़ पर कुछ लोग मृत मवेशियों की खाल निकाल रहे थे। घटना की जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को हुई तो उन्होंने थाने का घेराव कर विरोध जताया। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा का कहना है कुछ मवेशी मृत हाल में सड़क किनारे पड़े थे। दो लोग उनकी खाल निकाल रहे थे। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संवाद
-
बेटी की कुशलता जानने पहुंचे पिता को ससुरालियों ने भगाया
चायल। पिपरी कोतवाली के नूरपुर हाजीपुर निवासी ज्ञानचंद्र विश्वकर्मा ने अपनी बेटी की शादी संदीपनघाट कोतवाली के छोटी धन्नी निवासी धर्मनारायण के बेटे के साथ की थी। उसका दामाद जोधपुर (राजस्थान) में फर्नीचर का काम करता था। पखवाड़े भर पहले उसकी जोधपुर में हत्या कर दी गई थी। शनिवार को बेटी का हालचाल जानने पहुंचे ससुराल गए ज्ञानचंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए ससुरालियों ने गाली-गलौज कर घर से भगा दिया। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है। संवाद