बुखार और डायरिया नहीं छोड़ रहा पीछा, रोज आ रहे 40-50 मरीज
मंझनपुर। भीषण गर्मी में बुखार और डायरिया लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज में ही इसके रोजाना 40 से 50 मरीज आ रहे हैं। नौतपा का दौर भले ही बीत गया हो, लेकिन गर्मी अब भी पसीना छुड़ा रही है। इसी की वजह से गर्मी जनित बीमारियां भी कदम जमाए हुए हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोज करीब 200 से 300 मरीज आते हैं। इनमें से लगभग 20 फीसदी रोगी बुखार, डायरिया व पेट दर्द के हैं। हालांकि, इनमें गंभीर रोगियों की संख्या इक्का-दुक्का ही रहती है। ज्यादातर ओपीडी में दवा लेकर ही ठीक हो जाते हैं। वहीं, चार से छह मरीज रोज इमरजेंसी में आ रहे हैं। फिजीशियन डॉ. संजीव सिंह ने बताया कि जब तक नौतपा की गर्मी रहा, तब तक मरीज और भी अधिक आते थे। इधर, लोगों ने गर्मी से बचाव के तरीकों को अपनाना भी शुरू कर दिया है। इसके चलते भी मरीज कुछ घटे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता, तब तक तेज धूप से बचना ही जरूरी है। संवाद