खोजवापुर-मसीपुर मार्ग पर ससुर खदेरी नदी पर 3×12 मीटर स्पैन का लघु सेतु बनाया जाएगा। 5.08 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सेतु का निर्माण वेल फाउंडेशन (कूप आधार) तकनीक से होगा। पुल के बन जाने से करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
करीब 36 मीटर लंबाई के इस पुल में हर 12 मीटर पर पिलर बनाए जाएंगे, जो पुल को बीच में झुकने या लटकने से बचाने के लिए सहारा देंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे एक वर्ष के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
ससुर खदेरी नदी पर पुल बनने की सूचना से आसपास के गांवों के लोगों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से ग्रामीण इस मार्ग पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। पुल बन जाने से खोजवापुर और मसीपुर समेत आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को सीधे आवागमन की सुविधा मिलेगी।
खोजवापुर निवासी प्रेम सिंह और भानु प्रताप सिंह का कहना है कि अभी तक किसानों को नदी पार करने के लिए करीब सात किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। इसके निर्माण से बल्कि सिराथू और मंझनपुर विधानसभा क्षेत्रों के बीच सीधा संपर्क भी स्थापित होगा।
गांव के लोग काफी समय से पुल की मांग कर रहे थे, लेकिन धीरे-धीरे उम्मीद खत्म होने लगी थी। गांव की करीब 90 प्रतिशत खेती नदी के उस पार मसीपुर गांव में है। पुल बन जाने से किसानों को खेतों तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी। -माता प्रसाद सिंह, खोजवापुर
मेरा खेत नदी के उस पार मसीपुर गांव में है। ऐसे में हर सीजन में खेत तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई बार दूरी अधिक होने की वजह से खेतों की ठीक से देखरेख नहीं हो पाती। पुल बनने की जानकारी मिलने से ग्रामीण खुशी हैं। - धीर सिंह पाल, खोजवापुर
गांव के अधिकांश किसानों की जमीन नदी के इस पार और उस पार फैली हुई है। पुल न होने की वजह से लोगों को खेती के काम से बार-बार लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पुल बन जाने से किसानों के साथ-साथ आम लोगों के आवागमन में भी काफी सहूलियत मिलेगी। - सतीश चंद्र तिवारी, मसीपुर
ससुर खदेरी नदी पर पुल निर्माण के लिए 5.08 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और इसे आठ से नौ महीने के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि निर्माण कार्य की समय सीमा 12 महीना रही गई है। -हरबंश सिंह, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
सतीश चंद्र तिवारी (पूर्व प्रधान मसीपुर)
सतीश चंद्र तिवारी (पूर्व प्रधान मसीपुर)