पश्चिमशरीरा। गोशाला की अव्यवस्था अब छिपाई नहीं जा सकेगी। इनकी निगरानी के लिए सीडीओ ने शनिवार को सीवीओ को निर्देश दिए कि 10 दिन में गोशाला में सीसीटीवी लगवाएं। इनकी निगरानी के लिए ब्लॉक व मुख्यालय के कार्यालय में व्यवस्था करें।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने सरसवां ब्लॉक के पूरब सरावां के अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हाेंने गोशाला में संरक्षित गोवंश की जानकारी ली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि गोशाला में 83 गोवंश हैं। इनकी देखरेख के लिए तीन केयर टेकर तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि गोवंश को सुबह-शाम प्रतिदिन हरा चारा व दाना दिया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने पास के खेत में तैयार हरे चारे का खेत देखा। सीडीओ ने कहा कि गोशाला में टिनशेड के चारों ओर हरी जाली लगाई जाए। इसमें पानी का छिड़काव करवाएं। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
इसके साथ ही उन्होंने सीवीओ और बीडीओ राकेश सिंह से कहा कि गोशाला की निगरानी नियमित होनी चाहिए। इनका कंट्रोल रूम में बीडीओ ओर सीवीओ कार्यालय में बनाएं। इस दौरान डॉ. अजीत सिंह, सचिव संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।