बर्फीली हवाओं से ठिठुरा सूरज
मंझनपुर। हफ्ते भर से लगातार लुढ़कते जा रहे तापमान में मंगलवार को इजाफा हुआ। लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण दोपहर में भी ठिठुर गया। धूप बेदम नजर आई। दिनभर गलन रही। घर अथवा बाहर हर जगह लोग अलाव की तलाश में ही दिखे। दिन ढलने के साथ ही कोहरे की चादर तनने लगी।
पहाड़ों में बर्फबारी के कारण दोआबा में हफ्ते भर से ठंड का कहर जारी है। सोमवार को तो न्यूनतम तापमान तीन डिग्री पर आ गया था। हालांकि अगले दिन मंगलवार को इसमें सुधार हुआ। पारा चढ़कर 10 पहुंच गया। सुबह से ही मौसम साफ था। पर, धूप दोपहर बाद ही निकली। लेकिन बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण गलन बरकरार रही। ठंड के सामने धूप बेदम नजर आई। ऐसे में ज्यादातर लोग घरों में दुबके रहे। वे ही लोग बाहर निकले जिन्हें ज्यादा जरूरी काम पड़ा। वह भी ऊनी कपड़े पहनकर। फिर भी शीतलहर के चलते सभी कांपते दिखे। बस, रेलवे स्टेशनों पर भी आम दिनों की तुलना में कम यात्री दिखे। ठंड के कारण बाजार में ग्राहक कम आ रहे हैं, इसलिए शाम होते ही बाजार बंद हो जा रहा है। सर्वाधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है।