बेटे को विदेश से एमबीबीएस की डिग्री दिलाने के लिए डॉक्टर दंपती से ड्रीम मेडिसिन एडोकाॅन कंपनी के प्रबंधक ने 7.44 लाख रुपये की ठगी कर ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कंपनी के चार स्टेट प्रबंधकों समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में छानबीन भी शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली के सिराथू कस्बे के वार्ड नंबर दो परसीपुर निवासी डॉ. नीलम खान पत्नी डॉ अजमल खान ने बताया कि साल भर पहले 17 मई 2024 को उन्होंने अपने बेटे मोईन अजमल का एमबीबीएस में एडमिशन कराने के लिए ड्रीम मेडिसिन एडोकाॅन प्राइवेट लिमिटेड जयपुर, राजस्थान के प्रबंधक सत्यजीत को कई किस्तों में ऑनलाइन 7 लाख 44 हजार 210 रुपये दिए थे।
डॉ. नीलम का आरोप है कि रकम लेने में सत्यजीत के साथ कंपनी के काउंसलर हर्षित, सागर, लखनऊ ब्रांच के प्रबंधक सागर, दिल्ली ब्रांच के प्रबंधक जेनिथ भी शामिल थे। बेटे का एडमिशन नहीं होने पर उन्होंने रुपये वापस मांगे। इस पर सभी टालमटोल करते रहे।
डॉ. नीलम खान का आरोप है कि कंपनी के प्रबंधक पूरी तरह से बेईमान हो गए हैं। वे रुपये लौटाने के बजाय अब धमकी दे रहे हैं। तहरीर के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर नीलम खान ने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सैनी कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात नामजद पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।