सऊदी अरब भेजने के नाम पर युवकों से 10 लाख की ठगी
सैनी इलाके के मोंगारी गांव में रहने वाले युवक हुए शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सैनी कोतवाली इलाके के मोंगारी गांव में रहने वाले पांच युवकों से सऊदी अरब भेजने के नाम पर जालसाज ने करीब 10 लाख रुपये ठग लिए। बाद में रुपये मांगने पर उन्हें जानलेवा धमकी भी दी। पीड़ितों ने रविवार को एसपी से शिकायत की है।
मोंगारी निवासी राकेश लोधी ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। किसानी के भरोसे परिवार का खर्च चलता है। राकेश का कहना है कि काम की तलाश में वह इधर-उधर भटक रहा था। तभी करीब छह महीने पहले पश्चिमशरीरा में रहने वाले एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। आरोप है कि जालसाज ने राकेश को सऊदी अरब में अच्छी नौकरी का झांसा दिया। इसी के साथ उससे दो लाख रुपये की मांग की। राकेश की मानें तो उसने खुद के साथ अपने साथी अभय, निर्मल, विनय व संजीत निवासी सैनी से भी दो-दो लाख रुपया लेकर जालसाज को दे दिया। कुछ दिनों तक तो आरोपी टरकाता रहा। फिर उसने फर्जी वीजा और पासपोर्ट थमा दिया। युवकों को ठगे जाने की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। ठग ने तकादा करने पर जानलेवा धमकी दी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कड़ा कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।