सऊदी भेजने के नाम पर दो युवको से चार लाख ठगे
कोखराज इलाके के बसानपुर गांव में रहने वाले युवक हुए धोखे का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज इलाके के बसावनपुर गांव में रहने वाले दो युवकों से सऊदी अरब भेजने के नाम पर जालसाजों ने चार लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद उन्हें जान से मार डालने की धमकी भी दी। पीड़ितों ने मंगलवार को इसकी शिकायत एसपी से की है।
बसावनपुर निवासी गोरेलाल व परमानंद ने बताया कि उनकी माली हालत ठीक नहीं है। काम की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे। करीब चार महीने पहले उनकी मुलाकात भरवारी में रहने वाले दो जालसाजों से हुई। पीड़ितों की मानें तो जालसाजों ने सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे दो-दो लाख रुपये लिए। इसके बाद फर्जी वीजा और पासपोर्ट भी थमा दिया। 16 अप्रैल 2019 को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर वहां के अधिकारियों ने बताया कि वीजा, पासपोर्ट फर्जी है। इसके बाद पीड़ितों के होश उड़ गए। घर लौटकर उन्होंने रुपये लौटाने का दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी टरकाता रहा। रकम मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देने लगा। पीड़ितों ने मंगलवार को एसपी से शिकायत की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने कोखराज इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।