मासूम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
चौपुरवा गांव में रविवार दोपहर घर के सामने खेल रहे चार वर्षीय मासूम को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक सवार तीनों युवक अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों ने उनका पीछा कर चालक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौपुरवा गांव निवासी रोहित मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार करीब तीन बजे उनका चार वर्षीय बेटा आयुष घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान कौशाम्बी की ओर से आ रही एक अपाचे बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीन युवक भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद तीनों युवक भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर बाइक चालक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
शव रखकर ढाई घंटे तक किया चक्काजाम
मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने कौशाम्बी एयरपोर्ट फोरलेन पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण बाइक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करने लगे। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब ढाई घंटे तक जाम के कारण फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सूचना पर पहुंचे सीओ चायल शिवांक सिंह ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद शाम करीब 5:30 बजे परिजनों ने धरना खत्म किया और आवागमन बहाल हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोपहर करीब तीन बजे चौपुरवा गांव में हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर चार वर्षीय मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा गया है। आरोपी चालक और वाहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वाहन को सीज कर दिया गया है। गांव वालों ने संजय निवासी अकबरपुर, थाना एयरपोर्ट, प्रयागराज को पकड़ा वही बाइक का मुख्य चालक था। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शिवांक सिंह, सीओ चायल
मासूम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
मासूम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद