अदालत के आदेश पर पिटाई और छिनैती मामले में चार नामजद
मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति की पिटाई कर 25 हजार रुपये छीने जाने के मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की है। फिलहाल नामजद किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
कोतवाली क्षेत्र के सरसवां गांव निवासी रामपूजन सिंह का कहना है कि 27 जुलाई को उसके साथ गांव के ही ज्ञानपाल, निर्मल, बृजेंद्र और शारदा ने मारपीट की थी। इस दौरान 25 हजार रुपये भी छीन लिए। महेवाघाट कोतवाली में शिकायत की गई। शिकायत के बाद भी पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो रामपूजन ने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर रविवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।