सऊदी भेजने के नाम पर दो युवकों से चार लाख की ठगी
पश्चिमशरीरा के बैरमपुर गांव के युवक हुए धोखाधड़ी का शिकार, एसपी से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के बैरमपुर गांव में रहने वाले दो युवकों से सऊदी भेजने के नाम पर एक व्यक्ति ने करीब चार लाख रुपये ठग लिए। रुपये मांगने पर उन्हें जानलेवा धमकी भी दी। पीड़ितों ने शनिवार को एसपी से शिकायत की है।
बैरमपुर निवासी चंद्रभान सरोज ने बताया कि उसकी माली हालत ठीक नहीं है। खेती के भरोसे परिवार का खर्च चलता है। पढ़ाई के बाद काम की तलाश में इधर-उधर भटक रहा था। दिसंबर 2019 में मुलाकात करारी के एक व्यक्ति से हुई। आरोप है कि जालसाज ने सऊदी अरब में सेल्स अफसर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद चंद्रभान के साथ उसके परिवार के ही वीर कुमार से भी दो-दो लाख रुपये ले लिए। बताया कि कुछ दिनों तक तो आरोपी टरकाता रहा। इसके बाद कहने लगा कि पासपोर्ट, वीजा बनने में शासकीय बाधा आ रही है। अब रुपये मांगने पर वह जानलेवा धमकी देता है। इसी से परेशान पीड़ितों ने शनिवार को एसपी से शिकायत की। एसपी अभिनंदन ने पश्चिमशरीरा इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।