नौकरी का झांसा देकर युवती से साढ़े चार लाख ठगे
डॉक्टर ने स्टॉफ नर्स की नौकरी दिलाने का दिया था लालच, सीओ से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। फतेहपुर जिला अस्पताल में स्टॉफ नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक डॉक्टर ने एक युवती से करीब साढ़े चार लाख रुपये ठग लिए। बाद में रकम वापसी का दबाव बनाने पर उसे जानलेवा धमकी भी दी। पीड़िता ने मंगलवार को सीओ सिटी से शिकायत की है।
सिराथू कस्बे की नेहा पुत्री मनोहर दास ने बताया कि उसने जेएनएम का कोर्स किया है। इसके बाद काम की तलाश में इधर-उधर भटक रही थी। इसी बीच फतेहपुर जिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर से मुलाकात हुई। पीड़िता की मानें तो डॉक्टर उसके परिवार का पूर्व परिचित था। आरोप है कि डॉक्टर ने युवती को अस्पताल में स्टॉफ नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उससे साढ़े चार रुपये ऐंठ लिए। कुछ दिनों तक आरोपी आज-कल करके मामले को टालता रहा। पीड़िता का कहना है कि अब रकम मांगने पर वह जानलेवा धमकी देता है। पुराना फोन नंबर भी बंद कर चुका है। नए नंबर पर कॉल करो तो अपशब्द कहता है। पीड़ित युवती मंगलवार को एसपी के पास गई थी। उनके नहीं मिलने पर सीओ सिटी ने समस्या सुनी और सैनी कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।