पिपरी में चोरी के ट्रैक्टर के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
17 दिन पहले लोधौर गांव से चोरी हुआ था वाहन, जेल भेजे गए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार सुबह चोरी के ट्रैक्टर के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पिपरी इलाके के लोधौर गांव का अजमल पुत्र रफीक अहमद किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। कृषि कार्य के लिए उसने एक ट्रैक्टर खरीदा था। बताया जाता है कि 20 जुलाई की रात चोरों ने घर के बाहर से अजमल का ट्रैक्टर पार कर दिया था। मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी। इसी बीच शुक्रवार सुबह लोधौर चौकी प्रभारी प्रभुनाथ सिंह को खबर मिली कि चोर ट्रैक्टर लेकर इलाके के ही पीलीभीती गांव स्थित महुआ की बाग में खड़े हैं। खबर मिलते ही उन्होंने फोर्स के साथ घेराबंदी कर आरोपी दुंगू पुत्र नत्थू निवासी बरेठी, हसनैन पुत्र मोहम्मद जमील, खुर्शीद पुत्र इम्तियाज निवासी लोधौर व भीम पटेल पुत्र धर्मराज पटेल निवासी पेरई को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया है।