करारी में चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का बुधवार को खुलासा करते हुए चार आरोपियों को चोरी के सामान व नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने 31 जनवरी की रात प्राथमिक विद्यालय करारी प्रथम व तीन फरवरी की रात बरलहा गांव में चोरी की थी।
प्राथमिक विद्यालय करारी प्रथम के कमरों का ताला तोड़कर खाद्य सामग्री समेत ब्लूटूथ स्पीकर व साउंड सिस्टम की चोरी 31 जनवरी को हुई थी। इसके साथ ही बरलहा निवासी राज बहादुर व उनकी चाची के घर का ताला तोड़कर जेवरात, गृहस्थी का सामान, एक बोरी चावल व संदूक चोर उठा ले गए थे। पुलिस ने तहरीर के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश में थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर करारी पुलिस ने शनि उर्फ शनिदेवल पुत्र राम लखन, कड़ेदीन पुत्र गणेश प्रसाद, रामलाल पुत्र हरिमोहन निवासीगण बरलहा व राजेश कुमार पुत्र रामसूरत निवासी घिसलाई का पुरवा थाना करारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी का सामान, 6200 रुपये नकद भी बरामद किया है।
इंस्पेक्टर सियाकांत चौरसिया ने बताया कि चोरी की घटनाओं के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पूछताछ में चोरी की घटना को आरोपियों ने स्वीकार किया है। इनका चालान कर दिया गया है।