सपा, बसपा, भाजपा समेत 11 मैदान में, नामांकन पत्रों की वापसी कल
सपा महासचिव इंद्रजीत ने एहतियातन भरा था पर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर (कौशाम्बी)। सपा प्रत्याशी के रूप में बेटे पुष्पेंद्र सरोज के साथ नामांकन पर्चा दाखिल करने वाले सपा महासचिव और मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज समेत आठ उम्मीदवारों का पर्चा खारिज हो गया है। इसमें कई बार चुनाव लड़ चुके छेद्दू भी शामिल हैं। अब 11 प्रत्याशी चुनावी समर में बचे हैं। सोमवार को नाम वापसी के बाद अंतिम सूची जारी होगी।
कौशाम्बी ससंदीय क्षेत्र का चुनाव पांचवे चरण में होगा। इसके लिए 26 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। तीन मई तक चले नामांकन में 36 दावेदारों ने पर्चे खरीदे। हालांकि, इनमें से 19 उम्मीदवारों ने ही अपनी-अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया।
शनिवार को कलक्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार राय की देखरेख में नामांकन पत्रों की जांच की गई। सुबह दस बजे से ही कलक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी रही। जांच में पुष्पेंद्र सरोज को सपा का अधिकृत प्रत्याशी मानते हुए इंद्रजीत सरोज का पर्चा रद्द कर दिया गया। हालांकि, इंद्रजीत ने एहतियातन पर्चा भरा था ताकि बेटे का पर्चा किन्हीं कारणों से खारिज हो तो वह मैदान में डटे रहेंगे।
निर्दलीय प्रत्याशी मुन्ना लाल, श्यामजी, छेद्दू, मटरू, साकेत कुमार व भैंरो प्रसाद ने नामांकन पत्र प्रारूप 26 पर दिए गए शपथ पत्र को रिक्त छोड़ दिया था। साथ ही शपथ पत्र के प्रत्येक पृष्ठ पर हस्ताक्षर भी नहीं किया था। इस कारण इन सभी का पर्चा निरस्त कर दिया गया। निर्दलीय पुष्पेंद्र सिंह के शपथ पत्र में खामियों के साथ ही किसी भी प्रस्तावक द्वारा हस्ताक्षर नहीं किए जाने के कारण पर्चा निरस्त कर दिया गया।
ये बचे मैदान में
पुष्पेंद्र सरोजसपा गठबंधन
विनोद सोनकरभाजपा
शुभनारायणबसपा
नरेंद्र कुमार-अपना दल कमेरावाद
रामआसरे-मानवता वादी समाज पार्टी
रामेश्वर प्रसादभारतीय शक्ति चेतना पार्टी
पुष्पेंद्र कुमारनिर्दलीय
प्रदीप कुमारनिर्दलीय
राजेंद्र सोनकरनिर्दलीय
शैलेंद्रनिर्दलीय
संजय कुमारनिर्दलीय